चैत्र नवरात्र 19 मार्च से शुरू होने जा रहा है, जिसे लेकर धर्मनगरी वाराणसी में खास तैयारियां की जा रही हैं. नवरात्र के नौ दिनों तक श्रद्धालु मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की श्रद्धा और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए शहर में स्वच्छता और सात्विकता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने अहम निर्देश जारी किए हैं. शहरी क्षेत्र में नवरात्र के दौरान मीट और मछली की दुकानों को पूरी तरह बंद रखने के आदेश दिए गए हैं.
साथ ही वाराणसी के प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले मार्गों पर साफ-सफाई बनाए रखने के लिए भी सख्त हिदायत दी गई है. ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान पवित्र और शांत वातावरण मिल सके.
वाराणसी शहरी क्षेत्र में नहीं खुलेंगी मीट मछली की दुकान
वाराणसी नगर निगम द्वारा एबीपी न्यूज को मिली जानकारी के अनुसार, 19 मार्च से प्रारंभ हो रहे चैत्र नवरात्रि की अवधि के दौरान वाराणसी शहरी क्षेत्र में मीट मछली की दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है. इस आदेश का सख्ती से पालन करना होगा , इसके अलावा प्राचीन दुर्गा मंदिर व अन्य प्रमुख धार्मिक स्थल वाले मार्ग को भी स्वच्छ और सुगम बनाए रखने के लिए भी हिदायत दी गई है. इन आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाएगा. नवरात्र के दौरान विशेष तौर पर सात्विकता और पवित्रता का ध्यान दिया जाता है, इसके दृष्टिगत यह फैसला लिया गया है.
ये भी पढ़िए- UP News: बाराबंकी में LPG की कमी ने बढ़ाई चोरी! चोरों ने स्कूल से गैस सिलेंडर चुराकर सरसों के खेत में छिपाया
नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई
इससे पूर्व में भी वाराणसी में प्रमुख त्योहार के दौरान मीट मछली की दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया जा चुका है. वाराणसी नगर निगम द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि जो भी नियमों का पालन नहीं करता है उस पर सख्त कार्रवाई होगी. ऐसे में 19 मार्च से शुरू हो रहे नवरात्र को लेकर नगर निगम ने अपनी सभी तैयारी को पूरा कर लिया है.
ये भी पढ़िए- UP News: ‘भविष्य में यूपी का बंटवारा…राजभर का बेटा पूर्वांचल का मुख्यमंत्री होगा’, ओम प्रकाश राजभर का दावा