Skip to content

काम की तलाश में रूस पहुंचे लुधियाना के युवक की मौत, जबरन कराया था सेना में भर्ती

Ludhiana News: पंजाब के लुधियाना के एक 21 साल का नौजवान समरजीत सिंह की रूस में मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि वह बेहतर करियर और काम की तलाश में रूस गया था, लेकिन वहां उसे जबरदस्ती रूसी सेना में भर्ती कर लिया गया. लंबे समय तक परिवार से संपर्क टूटने के बाद अब उसकी मौत की खबर सामने आई है. 

समरजीत के परिवार के अनुसार, 8 सितंबर के बाद उसका अपने घर वालों से संपर्क पूरी तरह टूट गया था. लंबे समय तक कोई खबर नहीं मिलने के बाद दिसंबर में उसकी मौत हो गई. परिवार को इस बारे में जानकारी दो दिन पहले ही मिली.

दो दिन पहले मिली मौत की जानकारी 

समरजीत के मामा अमरजीत सिंह ने बताया कि परिवार को दो दिन पहले ही उसकी मौत की सूचना दी गई. इसके साथ ही रूस की तरफ से उसका मृत्यु प्रमाण पत्र भी भेजा गया था. परिवार को बताया गया कि समरजीत का शव वीरवार को दिल्ली के हवाई अड्डे पर पहुंचेगा.

इसके बाद परिवार के सदस्य दिल्ली पहुंचे और वहां से शव को अपने साथ लुधियाना लेकर आए. उन्होंने बताया कि लंबे इंतजार के बाद परिवार को समरजीत का पार्थिव शरीर मिला, जिससे पूरे परिवार में शोक का माहौल है.

आज डाबा श्मशानघाट में होगा अंतिम संस्कार

परिवार के अनुसार, समरजीत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. शुक्रवार को लुधियाना के डाबा श्मशानघाट में उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा. परिवार का कहना है कि समरजीत बेहतर भविष्य बनाने के सपने के साथ विदेश गया था, लेकिन परिस्थितियां ऐसी बनीं कि उसे रूसी सेना में जबरन भर्ती कर लिया गया.

अमरजीत सिंह ने बताया कि समरजीत की पहचान रूसी सेना के एक टोकन के जरिए की गई. परिवार का कहना है कि उन्हें इस पूरे मामले की पूरी जानकारी नहीं दी गई और न ही पहले किसी ने उनसे संपर्क किया. अब परिवार अपने बेटे को खोने के गहरे दुख में डूबा हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *