Skip to content

कांशीराम जयंती पर आकाश आनंद ने बसपा समर्थकों का दिया संदेश, कांग्रेस-सपा से किया सावधान

बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम की जयंती के अवसर पर बसपा सुप्रीमो मायावती के भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने श्रद्धांजलि दी है. उन्होंने बसपा समर्थकों से कांग्रेस-बीजेपी और समाजवादी पार्टी की सियासी चालों से बचने की सलाह दी और बसपा को मज़बूत करने की अपील की. 

कांशीराम जयंती पर आकाश आनंद ने की अपील

आकाश आनंद ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा- ‘बहुजन समाज के मसीहा, बीएसपी, बामसेफ़ और DS4 के संस्थापक हमारे परमपूज्य  मान्यवर साहब श्री कांशीराम जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन. 

आज का दिन मान्यवर साहेब के मिशन मूवमेंट को जारी रखने के संकल्प लेने का दिन है. अपने सामाजिक परिवर्तन आंदोलन से देश समाज को नई दिशा देकर देश के करोड़ों पिछड़े, शोषित और वंचित समाज का राजनीतिक सशक्तिकरण करने वाले मान्यवर साहेब की जयंती हमारे लिए सबसे बड़ा पर्व है.

आज जब कांग्रेस, भाजपा सपा जैसे संगठन मान्यवर साहेब के विचारों को तोड़ मरोड़कर अपना राजनीतिक हित साधना चाहते हैं, तो हमें मान्यवर साहेब श्री कांशीराम जी के विचारों को सुनना चाहिए और संकल्प लेना चाहिए कि हम बहुजन मूवमेंट को जारी रखेंगे और आदरणीय बहन कु मायावती जी के नेतृत्व में बीएसपी को मजबूत कर सत्ता की मास्टर चाबी हासिल करेंगे. जय भीम, जय भारत.’

मायावती ने भी दिया खास संदेश

आकाश आनंद से पहले बसपा सुप्रीमो मायावती ने बहुजन समाज और पार्टी समर्थकों का आह्वान करते हुए बसपा के मूवमेंट को मज़बूत करने का संदेश दिया. उन्हें कहा कि बहुजन समाज के लोग पार्टी के मिशन से जुड़कर ईमानदार अंबेडकरवादी बने और अपने वोटों की शक्ति से सत्ता की मास्टर चाबी हासिल करें ताकि देश के बहुजनों का कल्याण हो सके. 

बता दें कांशीराम जयंती के अवसर पर बहुजन समाज पार्टी लखनऊ में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया है. जिसमें प्रदेशभर से बसपा समर्थक और तमाम नेता शामिल हुए. बसपा सुप्रीमो मायावती भी इस कार्यक्रम में शामिल हुईं और कांशीराम को श्रद्धांजलि दी. वहीं दूसरे तरफ़ दलित वोटरों को लुभाने के लिए कांग्रेस, बीजेपी और समाजवादी पार्टी द्वारा भी प्रदेशभर में कई कार्यक्रम किए गए हैं. राजनीतिक दलों की इस क़वायद को आगामी चुनाव में दलित वोटरों को लुभाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *