हरियाणा के करनाल जिले में कुराली गांव के पास एसटीएफ (Special Task Force) और बदमाशों के बीच मंगलवार को एक सनसनीखेज मुठभेड़ हुई. इस एनकाउंटर में दो कुख्यात शूटरों के पैरों में गोली लगी है, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया है. पकड़े गए बदमाशों की पहचान आशीष और कपिल के रूप में हुई है, जो सोनीपत के रहने वाले हैं. दोनों बदमाशों को इलाज के लिए तुरंत करनाल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
एसटीएफ के डीएसपी अमन कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि करनाल एसटीएफ की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध शूटर कुराली रोड पर किसी वारदात की फिराक में मौजूद हैं. सूचना मिलते ही एसटीएफ की टीम ने इलाके की घेराबंदी की. पुलिस को अपनी ओर आता देख बदमाशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी.
हरियाणा बजट पर मंत्री कृष्ण लाल पंवार बोले, ‘2047 तक 1 ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी की नींव’
जवाबी फायरिंग में घायल हुए बदमाश
बदमाशों की ओर से चली गोली के बाद पुलिस ने अपना बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान एसटीएफ की ओर से चलाई गई गोलियां दोनों बदमाशों के पैरों में लगीं, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उन्हें तुरंत काबू कर लिया. डीएसपी ने बताया कि फायरिंग के दौरान पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, अन्यथा कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी.
सोनीपत फायरिंग और वीडियो का मामला
जांच में सामने आया है कि ये दोनों बदमाश सोनीपत के दोदवा गांव के रहने वाले हैं और पेशेवर शूटर हैं. इन्होंने बीते 27 फरवरी को सोनीपत स्थित ‘पहल न्यूट्रिशन’ के शोरूम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी. वारदात को अंजाम देने के बाद इन बदमाशों ने अपनी दहशत फैलाने के लिए एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जारी किया था. पुलिस ने मौके से दो पिस्टल और एक संदिग्ध बैग बरामद किया है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है. इन बदमाशों पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
होली में एसपी भूपेंद्र सिंह की शांति बनाए रखने की अपील, कहा- ‘किसी प्रकार का हुड़दंग बर्दाश्त नहीं’