देशभर के लाखों युवाओं की नजर इन दिनों एक ही चीज पर टिकी है- CTET का रिजल्ट. जो उम्मीदवार शिक्षक बनने का सपना लेकर इस परीक्षा में शामिल हुए थे, उनके लिए अब बड़ी खबर सामने आ रही है. लंबे इंतजार के बाद अब ऐसा माना जा रहा है कि CTET 2026 का रिजल्ट किसी भी समय जारी किया जा सकता है.
8 फरवरी 2026 को हुई इस परीक्षा के बाद से ही उम्मीदवार लगातार अपने नतीजों का इंतजार कर रहे हैं. कुछ परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी कारणों से 1 मार्च को दोबारा परीक्षा भी कराई गई थी. तभी से छात्र बार-बार आधिकारिक वेबसाइट चेक कर रहे हैं कि आखिर रिजल्ट कब आएगा.
अब बस रिजल्ट का इंतजार
परीक्षा कराने वाली संस्था पहले ही 12 मार्च को दोनों पेपर की आंसर की जारी कर चुकी है. इसके बाद छात्रों को 15 मार्च तक आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया गया था. अब यह पूरी प्रक्रिया खत्म हो चुकी है. जब आंसर की पर आपत्ति दर्ज करने की समय सीमा खत्म हो जाती है, तो आमतौर पर 10 से 12 दिनों के भीतर रिजल्ट जारी कर दिया जाता है. इसी आधार पर इस बार भी उम्मीद जताई जा रही है कि CTET का रिजल्ट बहुत जल्द सामने आ सकता है.
यह भी पढ़ें – MP Board Result 2026 Live: एमपी बोर्ड 5वीं-8वीं के नतीजे आज, बस इन आसान स्टेप्स से चेक करें रिजल्ट; पढ़े लाइव अपडेट्स
क्या है CTET परीक्षा?
CTET यानी सेंट्रल टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट एक राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है. इसे पास करना उन उम्मीदवारों के लिए जरूरी होता है जो सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनना चाहते हैं. इस परीक्षा में दो पेपर होते हैं. पेपर 1 उन उम्मीदवारों के लिए होता है जो कक्षा 1 से 5 तक पढ़ाना चाहते हैं. वहीं, पेपर 2 उन लोगों के लिए होता है जो कक्षा 6 से 8 तक शिक्षक बनना चाहते हैं. कई उम्मीदवार दोनों पेपर भी देते हैं ताकि उन्हें ज्यादा मौके मिल सकें.
सर्टिफिकेट की सबसे खास बात
CTET पास करने के बाद जो सर्टिफिकेट मिलता है, उसकी एक खास बात यह है कि उसकी वैधता अब जीवन भर के लिए होती है. यानी एक बार परीक्षा पास करने के बाद उम्मीदवार को बार-बार इसे देने की जरूरत नहीं पड़ती.
कहां मिल सकती है नौकरी?
CTET पास करने के बाद उम्मीदवारों के सामने कई रास्ते खुल जाते हैं. यह सर्टिफिकेट सिर्फ एक परीक्षा पास करने का प्रमाण नहीं है, बल्कि सरकारी शिक्षक बनने की दिशा में जरूरी कदम भी है. CTET पास उम्मीदवार इन जगहों पर आवेदन कर सकते हैं-
- केंद्रीय विद्यालय (KVS)
- नवोदय विद्यालय (NVS)
- आर्मी स्कूल
- केंद्र शासित प्रदेशों के स्कूल (जैसे दिल्ली, चंडीगढ़)
- कई प्राइवेट और सहायता प्राप्त स्कूल
यह भी पढ़ें – UP Board: यूपी बोर्ड का नया कैलेंडर जारी, 1 फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं, पूरे साल का शेड्यूल तय