नौकरशाहों ने एक पत्र के जरिए यह आरोप लगाया है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के सीनियर लीडर राहुल गांधी का आचरण ठीक नहीं है. संसद में उनका रहैया खराब है. इसको लेकर अब मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनौत का बड़ा बयान आया है. कंगना रनौत ने राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘टपोरी’ बताया.
बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कहा, “हम महिलाओं को उन्हें देखकर बहुत असहज महसूस होता है. वह एकदम टपोरी की तरह आते हैं और किसी से भी तू-तड़ाक करने लगते हैं. वह ‘ए, तू…’ कर के बात करते हैं. अगर कोई इंटरव्यू दे रहा हो तो वो हूटिंग कर के लोगों को बुलाते हैं. उनका व्यवहार बहुत असहज है.”
अपनी बहन से कुछ सीखें राहुल गांधी- कंगना रनौत
कंगना रनौत ने कहा, “राहुल गांधी को अपनी बहन से कुछ सीखना चाहिए. प्रियंका गांधी का व्यवहार कितना अच्छा है. उन्में शिष्टाचार है, लेकिन राहुल गांधी को देखकर शर्मिंदगी होती है.”
राहुल गांधी पर लगे क्या आरोप?
दरअसल, संसद परिसर में हाल की घटनाओं को लेकर 200 से ज्यादा रिटायर्ड नौकरशाहों और पूर्व सैनिक अधिकारियों ने एक संयुक्त पत्र जारी किया, जिसमें दावा किया गया था कि राहुल गांधी का संसद में रवैया ठीक नहीं है. साथ ही, सभी नौकरशाहों ने राहुल गांधी से माफी की मांग की है.
पत्र में लिखा गया है कि लोकसभा और राज्यसभा में सदन के साथ-साथ संसद की सीढ़ियां, गलियारे और लॉबी भी संसद परिसर का हिस्सा हैं. इन सभी जगहों पर मर्यादा का पालन किया जाना चाहिए. आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी द्वारा संसद के भीतर और बाहर किए गए ऐसे कृत्य सार्वजनिक विमर्श के स्तर को गिराते हैं और संसद की कार्यवाही में बाधा डालते हैं, जिससे सार्वजनिक समय और संसाधनों की भी हानि होती है.
सेवानिवृत्त अधिकारियों ने इस बात पर विशेष चिंता जताई है कि यह आचरण ऐसे व्यक्ति द्वारा किया गया है जो नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर है.सरकार से सवाल पूछना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन ऐसा करते हुए देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं की साख को नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए.