तीर्थनगरी ऋषिकेश के चन्द्रेश्वर नगर इलाके में पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. मंगलवार दोपहर पुलिस की एक टीम ने घेराबंदी कर एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया, जो बिना किसी लाइसेंस के भारी मात्रा में देशी शराब बेच रहा था. पुलिस ने आरोपी के पास से 40 टेट्रा पैक मसालेदार देशी शराब बरामद की है.
घटना 3 मार्च 2026 की दोपहर की है. ऋषिकेश कोतवाली के हेड कांस्टेबल पंकज कुमार और कांस्टेबल विनीत कुमार शांति व्यवस्था व संदिग्धों की चेकिंग के लिए गश्त पर थे. दोपहर करीब 2:10 बजे जब टीम चन्द्रेश्वर मार्ग पहुंची, तब एक मुखबिर ने सूचना दी कि संदीप नामक व्यक्ति के मकान के पास एक युवक सफेद कट्टे में शराब छिपाकर बेच रहा है.
घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी. पुलिस को देखकर युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे कट्टे समेत धर दबोचा. पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान राहुल राजभर (19 वर्ष) के रूप में बताई. तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद सफेद कट्टे से 40 टेट्रा पैक ‘माल्टा’ मसालेदार देशी शराब बरामद हुई.
लालच में आकर शुरू किया था अवैध काम
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी राहुल ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया. उसने बताया कि अधिक पैसे कमाने के लालच में आकर वह अवैध रूप से शराब बेचने का काम कर रहा था. आरोपी के पास शराब परिवहन या बिक्री का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला. पुलिस ने मौके पर ही बरामद शराब को सील कर दिया और साक्ष्य के तौर पर वीडियोग्राफी भी कराई.
कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. साथ ही, नए कानून BNSS की धारा 105 व 47(1) के तहत आवश्यक विधिक प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी को शराब की सप्लाई कहाँ से मिल रही थी.