Skip to content

ऊंटों पर लादकर दिल्ली में आ रही थी अवैध शराब, पुलिस ने तस्कर को दबोचा

दिल्ली में अवैध शराब की तस्करी के लिए अब तस्कर नए-नए तरीके अपना रहे हैं. इस बार दक्षिण जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने एक ऐसे तस्कर को पकड़ा है जो सड़कों से बचने के लिए ऊंटों के जरिए जंगल के रास्ते शराब की तस्करी कर रहा था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मौके से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है.

पुलिस के मुताबिक, 29 और 30 मार्च की रात को सूचना मिली थी कि फरीदाबाद की तरफ से संगम विहार के जंगलों के रास्ते दिल्ली में अवैध शराब लाई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में जाल बिछा दिया. देर रात पुलिस को एक व्यक्ति दो ऊंटों के साथ संदिग्ध हालत में आता दिखाई दिया.

जांच करने पर पता चला कि ऊंटों पर शराब की पेटियां लादी हुई थीं. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान 39 कार्टन अवैध शराब बरामद हुईं. पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया और ऊंटों को भी सुरक्षित बचाकर संबंधित विभाग को सौंप दिया.

सड़क पर पुलिस जांच से बचने के लिए खोजा नया तरीका

दिल्ली पुलिस ने विनोद भड़ाना नाम के शख्स की गिरफ्तारी की जो, जो हरियाणा के फरीदाबाद के आनंदपुर गांव का रहने वाला है. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सड़क मार्ग पर पुलिस की सख्त चेकिंग से बचने के लिए जंगल के रास्तों का इस्तेमाल करता था और शराब ढोने के लिए ऊंटों का सहारा लेता था, ताकि पुलिस की नजर से बच सके.

दिल्ली-फरीदाबाद सीमा पर लगातार सख्ती

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन कवच के तहत दिल्ली-फरीदाबाद सीमा पर लगातार सख्ती की जा रही है. इसी वजह से तस्करों ने यह अनोखा तरीका अपनाया था. हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते उनका यह तरीका ज्यादा दिन नहीं चल पाया और आरोपी पकड़ा गया.

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी अवैध शराब के मामले में शामिल रहा है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब कहां सप्लाई की जानी थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *