Skip to content

उत्तराखंड: चुनावी साल में धामी सरकार का बजट होगा खास, महिलाओं-युवाओं और किसानों पर रहेगा फोकस

उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र आज से गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में शुरू हो गया है. चुनावी साल को देखते हुए राज्य सरकार का यह बजट काफी अहम माना जा रहा है. माना जा रहा है कि इस बार का आम बजट प्रदेश के विभिन्न वर्गों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जिसमें विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं हो सकती हैं.

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सरकार इस बजट के जरिए सामाजिक और आर्थिक स्तर पर मजबूत संदेश देने की कोशिश करेगी. खासतौर पर महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाओं का ऐलान किया जा सकता है. इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों को और अधिक सशक्त बनाने, महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता से जुड़ी योजनाएं भी बजट में शामिल हो सकती हैं.

युवाओं के लिए भी बजट में कई महत्वपूर्ण पहल की संभावना जताई जा रही है. सरकार कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के साथ-साथ रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण योजनाओं को विस्तार देने पर जोर दे सकती है. इसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और पलायन की समस्या को कम करना बताया जा रहा है.

किसानों के हित में कई कदम उठा सकती है सरकार

कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए भी सरकार किसानों के हित में कई बड़े कदम उठा सकती है. विशेष रूप से जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा और मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम को लेकर योजनाएं घोषित की जा सकती हैं. इसके अलावा कृषि उपकरणों, बीजों और अन्य जरूरी संसाधनों पर सब्सिडी बढ़ाने की संभावना भी जताई जा रही है. बागवानी और पारंपरिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए भी नई योजनाओं को बजट में जगह मिल सकती है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी.

पांच दिनों तक चलने वाले इस बजट सत्र के दौरान प्रदेश सरकार की ओर से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) सहित आठ से अधिक विधेयक और अध्यादेश सदन पटल पर रखे जाएंगे. साथ ही विभिन्न विभागों और आयोगों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट भी विधानसभा में प्रस्तुत की जाएगी.

विधानसभा अध्यक्ष ने सीएम धामी से की चर्चा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भराड़ीसैंण पहुंचने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने उनसे मुलाकात कर सत्र की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की. इसके बाद मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से भी भेंट की. सत्र को देखते हुए विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है.

संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल का कहना है कि सरकार ऐसा बजट लाने की तैयारी में है जो महिलाओं, युवाओं और किसानों के हितों को मजबूत करने के साथ-साथ प्रदेश में गरीबी उन्मूलन और समग्र विकास को गति दे सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *