Skip to content

उत्तराखंड: गैरसैंण में उग्र हुए UKD कार्यकर्ता, बैरिकेड तोड़े तो पुलिस ने पानी की बौछार कर रोका

उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन गैरसैंण में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. स्थायी राजधानी की मांग, अंकिता भंडारी हत्याकांड और प्रदेश से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर यूकेडी कार्यकर्ताओं ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया था.

ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में धामी सरकार करीब सात महीने बाद पहुंची है. इसी को लेकर यूकेडी ने सत्र के पहले दिन अपनी ताकत दिखाने के लिए दिवालीखाल में बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया. प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए और उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब बिगड़ गई जब कुछ कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर विधानसभा की ओर बढ़ने लगे. पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी, लेकिन उग्र कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की और आगे बढ़ने का प्रयास किया. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प भी हुई.

 10 से 15 यूकेडी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया

हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 10 से 15 यूकेडी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया. जब पुलिस हिरासत में लिए गए आंदोलनकारियों को गाड़ियों में बैठाकर ले जाने लगी तो अन्य कार्यकर्ताओं ने पुलिस की गाड़ियों को रास्ते में रोक दिया. प्रदर्शनकारियों ने गाड़ियों में बैठे आंदोलनकारियों को उतारने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी. प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार का सहारा लिया. इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया और हालात को काबू में किया.

जगह-जगह पुलिस बल किया तैनात

विधानसभा सत्र को देखते हुए पूरे गैरसैंण क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन सतर्क बना हुआ है. वहीं यूकेडी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *