Skip to content

ईरान-इजराइल युद्ध के बीच गुस्साईं PDP चीफ महबूबा मुफ्ती, ट्रंप और नेतन्याहू का पुतला फूंका, सरकार को भी घेरा

जम्मू और कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बुधवार (4 मार्च) को ईरान पर अमेरिका-इजराइल के हमलों पर भारत सरकार और सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेस (एनसी) की ‘चुप्पी’ पर खेद जताया. इस दौरान उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू का पुतला फूंका है. 

केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जो सरकार है उन्होंने खामेनेई की मौत और युद्ध का विरोध नहीं किया है. साथ ही वहां के लोगों के प्रति संवेदना नहीं जताई और न ही कश्मीर की लीडरशिप ने विरोध और संवदेना जताई. 

ट्रंप-नेतन्याहू का फूंका पुतला

उन्होंने कहा कि ईरान के साथ हमारे बहुत मजबूत रिश्ते रह चुके हैं. इसलिए हमने बाहर प्रतिबंध होने की वजह से घर में ही विरोध जताया है और उनका पुतला फूंका है. इससे पूरी दुनिया को यह संदेश देना चाहती हूं कि जम्मू-कश्मीर के लोग ईरान के लोगों के साथ हैं. हम उनकी शहादत और बहादुरी को सलाम करते हैं. 

साथ ही उन्होंने कहा कि जिन लोगों को सरकार ने जेल में डाला है उनको रिहा किया जाए. वहीं सांसद रूहुल्लाह मेहदी और जुनैद अजीम के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर को रद्द किया जाना चाहिए.  

ईरान को लेकर क्या बोलीं महबूबा मुफ्ती?

उन्होंने कहा कि एक समय था जब हम (भारत) ईरान के समर्थक थे. जब भारत पर प्रतिबंध लगाए गए, तो ईरान ने हमें मुफ्त तेल दिया. और अब विश्व व्यवस्था पूरी तरह से अस्त-व्यस्त है. पीडीपी अध्यक्ष ने खामेनेई की मौत पर चुप्पी को लेकर कहा कि भारत सरकार और जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस की सरकार ने अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ किए गए खुले आक्रमण और उसके सर्वोच्च नेता की शहादत पर चुप्पी साध रखी है. इसका मतलब यह नहीं है कि बोलने वाले अपराधी हैं और उन पर कानून के तहत मामला दर्ज किया जाना चाहिए.

उन्होंने कहा कि हमारे नेताओं ने इन हमलों की निंदा नहीं की है. जब लोग ईरान के साथ एकजुटता दिखाने के लिए सड़कों पर उतरे, तो कई लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें कुछ महिलाएं भी शामिल थीं.

श्रीनगर में लोगों की गिरफ्तारी पर क्या कहा?

श्रीनगर के भी कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है. ऐसी स्थिति में हम देश के बारे में क्या कहें? महबूबा ने कहा, “उन्होंने (भाजपा ने) हिंदू-मुस्लिम राजनीति खेलकर देश को पहले ही डुबो दिया है.”

मुस्लिम देशों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सभी मुस्लिम देश इस सब के मूक दर्शक बने हुए हैं और अमेरिका को अपने ठिकाने मुहैया कराकर परोक्ष रूप से उसका समर्थन कर रहे हैं. मुझे लगता है कि सऊदी अरब के साथ हाल ही में हुआ अमेरिकी समझौता ईरान को निशाना बनाने के लिए ही था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *