जहां देश के विभिन्न हिस्सों से गैस एजेंसियों से भीड़ की तस्वीर सामने आ रही है. वहीं उत्तर प्रदेश के शामली जिले की एलम कस्बे स्थित प्रियंका गैस सर्विस पर गैस की कोई किल्लत नहीं है. यहां गोदाम पर जो भी कस्टमर आ रहा है, उसको गैस उपलब्ध हो रही है. केवल थोड़ी बहुत दिक्कत कस्टमर को ओटीपी का मैसेज आने पर हो रही है. ऐबीपी न्यूज ने प्रियंका गैस एजेंसी पर जाकर कवरेज की और वहां मौजूद ग्राहकों में एजेंसी स्वामी से बात की.
हमने आज ही अपना गैस बुक कराया और आज ही मिल गया
गैस लेने आए ग्राहक धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि जब से हमारे क्षेत्र में यह गैस एजेंसी हुई है तब से हमें गैस की कोई दिक्कत नहीं होती. आज ही हमने अपना गैस बुक कराया था और आज ही हमें हमारा सिलेंडर मिल गया. दिक्कत उनको हो रही है जहां पर कालाबाजारी होती है, हमारे यहां साफ सुथरा काम है और कभी भी ग्राहक को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हुई.
दूसरे ग्राहक अजेंद्र पंवार ने बताया कि उनकी पर्ची काटने में केवल 10 मिनट लगे और उसके बाद वह सीधा गोदाम पर सिलेंडर लेने के लिए आ गए. उन्होंने कहा की यहां पर किसी प्रकार की कोई भीड़ नहीं है और आते ही उनको गैस का सिलेंडर मिल गया. अजेंद्र पंवार ने बताया की जहां भी लाइन लगी है, हो सकता है वहां गैस की कालाबाजारी हो रही हो, लेकिन हमारे यहां किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है.
गैस एजेंसी को 21 साल हुए, आज तक रिफिल पेंडिंग नहीं
प्रियंका गैस एजेंसी के संचालक अजय पवार ने बताया कि हमारी गैस एजेंसी को 21 साल हो गए और तब से लेकर आज तक हमारे यहां कोई भी रिफिल पेंडिंग नहीं है और ग्राहक को सेम डे डिलीवरी मिलती है. उन्होंने बताया कि मैं उनको भी बता देना चाहता हूं जो लोग अफवाह फैला रहे हैं की गैस की कोई किल्लत नहीं है, जितनी मांग वह कंपनी से करते हैं, उतनी गैस की डिलीवरी उनको हो जाती है.
सरकार और कंपनी ने इस विपरीत परिस्थिति में जिस प्रकार का बेहतरीन प्रबंध किया है, उसके लिए सरकार और कंपनी धन्यवाद की पात्र है. उन्होंने बताया कि आज भी उनके पास सुबह 900 गैस सिलेंडरों का स्टॉक था और फिलहाल भी उनको गैस की कोई किल्लत नहीं है. उन्होंने दावा किया कि उनकी एजेंसी पर आज तक कोई भी क्राइसिस नहीं हुआ है.
हमारे यहां ओटीपी देकर तुरंत करें अपना गैस रिफिल
उन्होंने बताया कि हमारे यहां अपनी गैस बुक करो और ओटीपी देकर तुरंत गैस का रिफिल प्राप्त होता है. वहीं जो लोग अफवाह फैला रहे हैं वह गलत है, सरकार का और कंपनी का गैस को लेकर के सुदृढ़ प्रबंध है और कहीं किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है. उन्होंने कहा कि वह जितनी भी गैस की मांग कंपनी से करते हैं, उतनी ही गैस उनको मिल रही है. हां केवल थोड़ी सी दिक्कत गैस बुकिंग करने में मिली वो भी ओटीपी की वजह सेक्योंकि ग्रामीण क्षेत्र है पहले इस प्रकार का कार्य ग्रामीण क्षेत्र के ग्राहकों ने नहीं किया.