Skip to content

अशोक खरात केस: रुपाली चाकणकर ने NCP महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

फर्जी बाबा अशोक खरात मामले में नाम सामने आने के बाद रुपाली चाकणकर ने NCP महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया. इससे पहले उन्होंने महाराष्ट्र महिला आयोग की अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था. अपने एक्स पोस्ट में उन्होंने कहा कि आज (27 मार्च) सुबह पार्टी की चीफ सुनेत्रा पवार से फोन पर बात करने के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा देने का फैसला किया. 

रुपाली चाकणकर ने कहा, “मैंने पहले ही दिन खरात मामले को लेकर अपना रुख साफ कर दिया था. वित्तीय लेन-देन और दुराचार से कोई दूर-दूर तक संबंध नहीं है. आज भी मेरा रुख उतना ही स्पष्ट और दृढ़ है. ये सभी मामले जांच के दौरान निश्चित रूप से सुलझ जाएंगे. बिना किसी सबूत के मीडिया के माध्यम से लगाए जा रहे झूठे और निराधार आरोप दुखद हैं. सत्य पूरी मजबूती के साथ सामने आएगा. मैंने पहले ही मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक से मांग की है कि इस मामले की जांच पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से की जाए.” 

चाकणकर ने सुनेत्रा पवार को सौंपा इस्तीफा

महाराष्ट्र महिला आयोग की अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद, राष्ट्रवादी कांग्रेस महिला विंग के प्रदेशाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने को लेकर मंगलवार को बैठक हुई थी. आज (27 मार्च) रूपाली चाकणकर ने सुनेत्रा पवार को एनसीपी महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष पद का इस्तीफा सौंप दिया है.

अश्लील वीडियो प्रसारित करने वालों पर होगी कार्रवाई- देवेंद्र फडणवीस

महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार (27 मार्च) को इस मामले से जुड़े अश्लील वीडियो के वायरल किए जाने को लेकर सख्त एक्शन लिए जाने की बात कही. उन्होंने साफ तौर से चेतावनी देते हुए कहा कि स्वयंभू बाबा अशोक खरात मामले की पीड़िताओं के अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा, “अशोक खरात मामले में कई और पीड़िता सामने आ रही हैं तथा कुछ और प्राथमिकी दर्ज की जायेंगी पीड़िताओं की पहचान गोपनीय रखी जा रही है और उन्हें पूरी सुरक्षा प्रदान की गई है.”

18 मार्च को खरात की हुई थी गिरफ्तारी

बता दें कि अशोक खरात को एक महिला से पिछले तीन वर्षों से बार-बार दुष्कर्म करने के आरोप में 18 मार्च को गिरफ्तार किया गया था. जांच के दौरान महिलाओं के यौन शोषण से जुड़े उसके कई वीडियो भी सामने आए हैं. एसआईटी मामले की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *