Skip to content

अयोध्या में होटल वालों ने बताई कमर्शियल सिलेंडरों की कमी, विधायक बोले- नहीं है कोई संकट

रामनगरी अयोध्या में इन दिनों गैस सिलेंडर की किल्लत का मुद्दा गरमाता जा रहा है. एक तरफ नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता का दावा है कि शहर में गैस की आपूर्ति पूरी तरह पर्याप्त है, वहीं दूसरी तरफ रामनगरी के व्यापारी इस दावे को सिरे से खारिज कर रहे हैं. दुकानदारों का कहना है कि सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने से व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है.

रामनगरी अयोध्या धाम में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर व्यापारियों में नाराजगी साफ दिखाई दे रही है. व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि गैस की कमी का असर अब धार्मिक गतिविधियों तक पहुंच गया है. यहां तक कि हनुमान गढ़ी मंदिर  में चढ़ने वाला लड्डू प्रसाद भी प्रभावित हो रहा है, क्योंकि गैस की कमी के कारण प्रसाद तैयार करना मुश्किल हो गया है.

कमर्शियल सिलेंडर की कमी कारोबार पर असर

व्यापारियों का कहना है कि शहर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की भारी किल्लत है. कई दुकानदारों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों का काम प्रभावित हो रहा है. इसका असर मंदिरों में बनने वाले प्रसाद पर भी पड़ रहा है.

विधायक ने गैस संकट से किया इनकार

वहीं इस मामले पर नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता का कहना है कि जिले में गैस आपूर्ति को लेकर कोई संकट नहीं है और पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. हालांकि व्यापारी इस दावे से सहमत नहीं हैं और उनका कहना है कि घरेलू गैस की स्थिति भले ठीक हो, लेकिन कमर्शियल गैस की आपूर्ति पूरी तरह बाधित है, जिसका खामियाजा स्थानीय व्यापारियों के साथ-साथ श्रद्धालुओं को भी भुगतना पड़ रहा है.

श्रद्धालुओं की बढ़ सकती हैं मुश्किलें

आपको बता दें कि अयोध्या में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और इनमें से करीब आधे श्रद्धालु शहर की दुकानों और होटलों पर खान-पान के लिए निर्भर रहते हैं. ऐसे में गैस की आपूर्ति बाधित होने से श्रद्धालुओं के भोजन की व्यवस्था भी प्रभावित होती नजर आ रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *