Skip to content

अयोध्या में हनुमानगढ़ी के प्रसाद पर भी LPG संकट का साया? राम रसोई पर खतरा!

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव और ईरान-इजरायल युद्ध का असर रामनगरी अयोध्या पर भी पड़ रहा है. एलपीजी गैस की आपूर्ति बाधित होने से मठ-मंदिरों की सामूहिक रसोइयों और प्रसाद निर्माण पर संकट खड़ा हो गया है. राम मंदिर के पास स्थित अमावा राम मंदिर में संचालित ‘श्रीराम रसोई’ में किल्लत देखने को मिली है.

मंदिर प्रशासन के मुताबिक, गैस सिलेंडर की आपूर्ति न होने के कारण कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है. इस रसोई में प्रतिदिन करीब 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं को निशुल्क भोजन कराया जाता था.

150 दुकानों पर भी छाया गैस का संकट

गैस की कमी का असर केवल मंदिरों तक ही सीमित नहीं है. हनुमानगढ़ी के आसपास करीब 150 दुकानदारों के सामने लड्डू और प्रसाद बनाने का संकट खड़ा हो गया है क्योंकि कारखानों में उत्पादन प्रभावित हो गया है. होटल और रेस्टोरेंट कारोबार भी गैस संकट की वजह से प्रभावित हो रहा है, जिससे श्रद्धालुओं की भोजन व्यवस्था पर असर पड़ रहा है.

कोयले और हीटर से रसोई चलाने की तैयारी

मंदिर प्रशासन का कहना है कि हालात को देखते हुए अब पुरानी व्यवस्था यानी कोयले की भट्टी और इलेक्ट्रॉनिक हीटर के जरिए रसोई चलाने की तैयारी की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को भोजन प्रसाद मिलने में कोई दिक्कत न हो.

सीता रसोई एक दिन के लिए बंद

अमावा राम मंदिर: मंदिर प्रबंधन के अनुसार ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते युद्ध के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे होटल व्यवसायी और मंदिरों की रसोई चलाने वाले लोग भी परेशानी झेल रहे हैं. इसी कारण गैस संकट के बीच हनुमानगढ़ी में प्रसाद का भी संकट है.

सीता रसोई को एक दिन के लिए पूरी तरह बंद करना पड़ा था. हालांकि अब वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कोयला भट्टी और इलेक्ट्रॉनिक हीटर की तैयारी की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को भोजन प्रसाद मिल सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *